राजस्थान ने एक बार फिर अपने सांस्कृतिक वैभव और पर्यटन विकास के चलते वैश्विक मानचित्र पर अपनी खास पहचान बनाई है। प्रतिष्ठित ट्रेवल एंड लेजर पत्रिका के रीडर्स सर्वे और वोटिंग में राजस्थान को “सर्वश्रेष्ठ सांस्कृतिक गंतव्य” (Best Cultural Destination) का पुरस्कार प्रदान किया गया है। साथ ही राजधानी जयपुर को दुनिया के घूमने लायक टॉप-5 शहरों में शामिल किया गया है, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राजस्थान पर्यटन विभाग को हार्दिक बधाई दी और कहा कि “प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में निरंतर हो रहे प्रयास अब रंग ला रहे हैं।”
आई क्रिएटिव माइंड्स की ओर से यह पुरस्कार मिलने पर भी उप मुख्यमंत्री ने टीम को शुभकामनाएं दीं।
पर्यटन विभाग के प्रमुख शासन सचिव राजेश यादव ने जानकारी दी कि यह उपलब्धि उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी के सक्रिय नेतृत्व और दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने बताया कि “राजस्थान को देश-दुनिया का पर्यटन सिरमौर बनाने के लिए व्यापक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं।”

राजस्थान के सांस्कृतिक, ग्रामीण, वन्य, धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के सतत विकास और वैश्विक स्तर पर प्रमोशन के लिए विभाग द्वारा बेहतरीन कार्य किए जा रहे हैं। इससे प्रदेश की पर्यटन छवि को नया आयाम मिला है।

इन प्रयासों के चलते राजस्थान पर्यटन के ताज में एक के बाद एक नई उपलब्धियां जुड़ रही हैं और यह राज्य अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रतिष्ठित सांस्कृतिक गंतव्य के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।