राजधानी जयपुर में एक बार फिर अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। इस बार सेशन कोर्ट को धमकी भरा ई-मेल भेजा गया, जिसमें कोर्ट परिसर में बम लगाए जाने का दावा किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस, सिविल डिफेंस, दमकल विभाग और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर में सघन सर्च अभियान चलाया गया। हालांकि, तलाशी के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
धमकी भरे मेल में दोपहर 2 बजे तक का समय दिया गया था। मेल में “ISI जिंदाबाद” लिखते हुए कोर्ट परिसर में तीन RDX डिवाइस होने का दावा किया गया। इसमें हाईकोर्ट का भी जिक्र किया गया है और कहा गया कि चेंबर व वॉशरूम में बम लगाए गए हैं। मेल में DMK लीडरशिप का उल्लेख और कुछ ट्विटर आईडी भी लिखी गई हैं, जिन्हें जांच में फर्जी बताया जा रहा है।
सदर थानाधिकारी बृजमोहन के अनुसार, धमकी देने वाले की तलाश की जा रही है। साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि मेल भेजने वाले ने VPN नेटवर्क का इस्तेमाल किया है, जो विदेश से ऑपरेट हो रहा हो सकता है। इस मामले में पुलिस केंद्रीय खुफिया एजेंसियों और इंटरपोल की मदद भी ले रही है।
सेशन कोर्ट की इमारत सात मंजिला होने के कारण तलाशी में समय लग सकता है। सुरक्षा कारणों से कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों को दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं और सर्च ऑपरेशन पूरा होने तक किसी को भी इमारत के अंदर या आसपास जाने की अनुमति नहीं दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।
