मिस इंडिया अर्थ 2019’ का खिताब जीतकर देशभर में पहचान बनाने वाली सायाली सुर्वे एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका ग्लैमर जगत से जुड़ा कोई काम नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा एक महत्वपूर्ण फैसला है। सायाली ने पुणे के पिंपरी-चिंचवाड़ में आयोजित एक धार्मिक समारोह के माध्यम से दोबारा हिंदू धर्म अपना लिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने यह कदम अपनी शादी में हुए कथित मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के बाद उठाया है।

दरअसल, वर्ष 2019 में सायाली ने अपने परिवार की इच्छा के विरुद्ध मीरा-भायंदर के एक व्यवसायी आतिफ तासे से प्रेम विवाह किया था। अंतरधार्मिक विवाह के बाद उन्होंने इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया था और उनका नाम बदलकर अतेजा तासे रख दिया गया था। शुरुआत में उन्हें लगा कि यह उनके जीवन की नई शुरुआत होगी, लेकिन कुछ समय बाद उनके वैवाहिक जीवन में तनाव और विवाद बढ़ने लगे।

सायाली ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि शादी के बाद उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उनके अनुसार, उन पर धर्म से जुड़ी कई रस्मों को मानने का लगातार दबाव भी बनाया गया। उन्होंने बताया कि अपने चार बच्चों के भविष्य को देखते हुए उन्होंने लगभग दस वर्षों तक इस रिश्ते को निभाने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने पुलिस में शिकायत भी की, लेकिन उन्हें अपेक्षित सहायता नहीं मिल पाई।
आखिरकार परिस्थितियों से परेशान होकर उन्होंने इस रिश्ते को समाप्त करने और अपने मूल धर्म में लौटने का निर्णय लिया। कुछ हिंदू संगठनों के सहयोग से पिंपरी-चिंचवाड़ में वैदिक रीति-रिवाजों और हवन के साथ उनका शुद्धिकरण संस्कार कराया गया। इसके बाद उन्होंने अपना नया नाम आद्या सुर्वे रख लिया है।
सायाली ने अन्य महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि किसी भी महिला को उत्पीड़न सहन नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक मां होने के नाते उन्होंने अपने घर को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अंततः अपने बच्चों की सुरक्षा और आत्मसम्मान के लिए यह निर्णय लेना पड़ा।
मूल रूप से मुंबई की रहने वाली और पुणे में पली-बढ़ी सायाली सुर्वे ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। ब्यूटी पेजेंट जीतने के साथ-साथ उन्होंने एविएशन अध्ययन में भी उच्च शिक्षा प्राप्त की है। फिलहाल महाराष्ट्र में यह मामला सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
