राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर नेशनल पार्क से एक बार फिर बाघ के जंगल से बाहर आने की घटना सामने आई है। इस बार चर्चित बाघिन नूरी (टी-39) अपने तय क्षेत्र से निकलकर जैतपुरा गांव के पास टोंक-चिरगांव नेशनल हाईवे 552 पर नजर आई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5 बजे बाघिन नूरी हाईवे पर बेखौफ अंदाज में टहलती दिखाई दी। उस समय सड़क पर ट्रैफिक कम था, लेकिन राहगीरों की नजर पड़ते ही यह खबर तेजी से फैल गई। किसी वाहन चालक ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बाघिन बिना किसी डर के सड़क पर काफी देर तक घूमती रही। इस दौरान उसने कुछ पल रुककर आसपास का जायजा लिया और फिर धीरे-धीरे वापस जंगल की ओर लौट गई।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बाघिन की हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है। चूंकि इस बार उसका मूवमेंट अपने सामान्य क्षेत्र से बाहर देखा गया है, इसलिए विभाग ने अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों को भी सुबह और रात के समय अनावश्यक बाहर न निकलने तथा वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, शिकार की तलाश, पानी की कमी या क्षेत्रीय दबाव जैसे कारणों से बाघिन अपने इलाके से बाहर आ सकती है। इस तरह का मूवमेंट भविष्य में मानव-वन्यजीव संघर्ष के खतरे का संकेत भी माना जा रहा है।
