दौसा: राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक निजी बस ट्रेलर से टकराने के बाद सड़क किनारे खाई में जा गिरी और उसमें आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य घायल हो गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया के पास तड़के करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस खाई में जा गिरी और उसके पिछले हिस्से में आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अधिकांश यात्री उस समय गहरी नींद में थे। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री ऊपरी बर्थ से नीचे गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसे में 6 यात्रियों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि 2 अन्य ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने राहत और दमकल दल के मौके पर पहुंचने में देरी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि बस के स्टोरेज बॉक्स में बड़ी मात्रा में सिगरेट के पैकेट रखे थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। हालांकि पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने घटना पर दुख जताते हुए लिखा, “दौसा जिले में दिल्ली – मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु होने का समाचार बेहद दुखद है। इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं”

