जयपुर : अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसे लेकर राजस्थान में भी उत्सव का माहौल है। घर-घर में दीपोत्सव की तैयारी चल रही है, मंदिरों में विशेष अनुष्ठान किए जा रहे हैं। कहीं अखंड हनुमान चालीसा हो रही है तो कहीं सुंदर कांड के पाठ किए जा रहे हैं।
मंदिरों को भगवा झंडों से सजाया गया है। रामधुनी की गूंज हर मंदिर से सुनाई दे रही है। यज्ञ-हवन कार्यक्रम शुरू हो चुकी हैं। राजस्थान के कोने-कोने में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव पूरे उत्साह से मनाया जा रहा है। इसे लेकर कहां क्या आयोजन हो रहे हैं, जानिए।
जयपुर: आज और कल- एक शाम राम के नाम
चौड़ा रास्ता में धामाणी मार्केट के सामने रविवार काे ‘ एक शाम राम के नाम‘ कार्यक्रम होगा। इसमें 30 सितार वादक रामधुन बजाएंगे। महिला मंडल की ओर से हजारों की संख्या में दीप जगमग किए जाएंगे। आयोजन विराट वैश्य महापंचायत समिति कर रही है। यही कार्यक्रम सोमवार को भी होगा।
वहीं 22 जनवरी को अल्बर्ट हॉल के सामने श्रीरामलला दीपोत्सव होगा। यहां मिनी राम मंदिर का प्रतिरूप बनाकर दीपावली मनाई जाएगी। पूरे रामनिवास बाग को अयोध्या नगरी के रूप में सजाया गया है। यहां शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। इस पर हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश होगी। श्रीधर्म फाउंडेशन ट्रस्ट, जयपुर नगर निगम ग्रेटर और जयपुर व्यापार महासंघ की ओर से यह आयोजन होगा।