कोटा में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की राजस्थान इकाई ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने हैंगिंग ब्रिज टोल प्लाजा के पास एक कार से 16.43 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है।
जानकारी के अनुसार तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही कार के स्पेयर व्हील में अफीम छिपाकर रखी गई थी। अधिकारियों ने तलाशी के दौरान नौ पैकेटों में रखी अफीम बरामद की।
मौके से कार में सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ और वाहन को कानूनी प्रक्रिया के तहत कब्जे में ले लिया गया।
अब जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन से लोग शामिल हैं। साथ ही तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
कोटा में हुई इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
