बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग बृहस्पतिवार को होगी। आम तौर पर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होता है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में सुरक्षा और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए चुनाव आयोग ने वोटिंग का समय एक घंटे घटा दिया है।
आयोग ने सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर और महिषी, तथा मुंगेर जिले के तारापुर, मुंगेर और जमालपुर विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथों पर शाम 5 बजे तक ही मतदान कराने का फैसला किया है। वहीं सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के 56 बूथों पर भी वोटिंग शाम 5 बजे तक होगी, जबकि बाकी बूथों पर सामान्य समय यानी सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
जिन विधानसभा क्षेत्रों में शाम 5 बजे तक होगी वोटिंग
सिमरी बख्तियारपुर महिषी तारापुर मुंगेर जमालपुर सूर्यगढ़ा के 56 बूथ
पहले चरण में कितनी सीटों पर मतदान?
पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। ये जिले हैं — पटना, भोजपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा और नालंदा।
मतदाताओं की संख्या
पहले चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें
पुरुष: 1 करोड़ 98 लाख 35 हजार 325 महिलाएं: 1 करोड़ 76 लाख 77 हजार 219 थर्ड जेंडर: 758 मतदाता शामिल हैं।
मतदान के लिए 45,341 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 45,324 मुख्य बूथ और 17 सहायक बूथ शामिल हैं।
बड़े उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
पहले चरण में कई चर्चित उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें तेजस्वी यादव, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, लोकगायिका मैथिली ठाकुर, भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव, तेज प्रताप यादव, उमेश कुशवाहा और भोला यादव शामिल हैं।
इसके अलावा मोकामा से जद(यू) प्रत्याशी अनंत सिंह, जो हाल ही में एक हत्या मामले में गिरफ्तार हुए थे, उनकी किस्मत का फैसला भी इसी चरण में होगा।
NDA और महागठबंधन के प्रत्याशी
NDA: जद(यू) 57, भाजपा 48, लोजपा (रामविलास) 13, राष्ट्रीय लोक मोर्चा 2 महागठबंधन: राजद 71, कांग्रेस 24, वाम दल 14 अन्य: वीआईपी 6, भाकपा 6, माकपा 3, आईआईपी 2 जन सुराज पार्टी (प्रशांत किशोर): 118 उम्मीदवार मैदान में हैं।
