नई दिल्लीः सर्दी ने अब पूरे देश में दस्तक दे दी है। दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह-शाम ठंड महसूस की जा रही है। लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि 13 नवंबर तक दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 4 से 5 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत और उत्तर-मध्य महाराष्ट्र के मैदानी इलाकों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में 15 नवंबर तक शीतलहर का असर जारी रहने का अनुमान है। वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे में शीतलहर चल सकती है।
झारखंड और ओडिशा में भी ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा और हिमाचल प्रदेश में घना कोहरा छा सकता है, जबकि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, असम, मेघालय, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है।
राजस्थान में ठंड बढ़ी, तापमान में गिरावट जारी
राजस्थान में सर्दी का असर तेज हो गया है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, अगले सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आ सकती है।
दिल्ली में हवाएं और गिरता तापमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी ठंड
उत्तर प्रदेश में भी 13 नवंबर से ठंड और बढ़ने के आसार हैं। सुबह और शाम के समय 17 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। राज्य में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। ग्रामीण इलाकों में सुबह-सुबह ठंड का असर और ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे के दौरान तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और माहे में भारी वर्षा हो सकती है। इन इलाकों में पिछले 24 घंटे में भी कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई है।
