राजस्थान कांग्रेस की राजनीति से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद के तहत राजस्थान यूथ कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। इस एक फैसले में सभी पदाधिकारियों को उनके पदों से मुक्त कर दिया गया, जिससे प्रदेश संगठन में हलचल तेज हो गई है।
यह आदेश दिल्ली से जारी किया गया है, जिस पर यूथ कांग्रेस प्रभारी विकास चिकारा, सह-प्रभारी ज्ञानेश शुक्ला और कपिल देसाई के हस्ताक्षर हैं। आदेश में साफ कहा गया है कि यह कदम संगठन के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार उठाया गया है।
प्रदेश कार्यकारिणी के भंग होने के बाद फिलहाल संगठन की जिम्मेदारी तीन नेताओं के पास रहेगी। इनमें अभिमन्यु पूनिया प्रदेश अध्यक्ष के रूप में, जबकि यशवीर शूरा और सुधींद्र मूंड कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर संगठन का कामकाज संभालेंगे।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि जल्द ही नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। माना जा रहा है कि आगामी चुनावों और संगठन को मजबूती देने के लिहाज से इस बार सक्रिय और जमीनी कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
