राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में एक मामूली विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। कपासन थाना क्षेत्र के जवानपुरा गांव में खेत पर काम के दौरान खंभा टूटने की बात को लेकर दो सगे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठियों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, खेत से गेहूं का भूसा निकालते समय बाड़ पर लगा एक खंभा अचानक टूट गया। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में उग्र हो गई। गुस्से में दोनों पक्ष हथियार लेकर सड़क पर भिड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झगड़े के दौरान दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी चले। इस हमले में अमरचंद जाट गंभीर रूप से घायल हो गए। कुल्हाड़ी लगने से उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया। उनकी पत्नी जब बीच-बचाव के लिए आईं तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उन्हें भी कई गंभीर चोटें आईं।
मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण जमा हो गए और किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। घायल दंपति को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कपासन पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आपसी विवाद और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
