कोटा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे एक बार फिर भीषण सड़क हादसे के कारण सुर्खियों में है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के एक्सप्रेसवे के निरीक्षण से ठीक पहले बुधवार तड़के कोटा जिले के सुल्तानपुर क्षेत्र में एक ट्रैवल बस और ट्रोले की टक्कर हो गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई गई।
महाकाल के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 3:50 बजे सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के जालिमपुरा इंटरचेंज के पास हुआ। उज्जैन से दिल्ली जा रही टूरिस्ट बस कुछ देर के लिए सड़क किनारे रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रोले ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
एक की मौत, पांच गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को पहले सुल्तानपुर अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से पांच गंभीर घायलों को कोटा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी 50 वर्षीय चरण सिंह की मौत हो गई।
दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी और परिवार थे सवार
पुलिस के अनुसार, बस में दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी और उनके परिवार के करीब 30 सदस्य सवार थे। सभी उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के दर्शन कर दिल्ली लौट रहे थे।
ट्रोला चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
सुल्तानपुर थाना प्रभारी दौलत कुमार साहू ने बताया कि हादसे के बाद ट्रोला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रोले को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
लगातार हादसों से बढ़ी चिंता
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर राजस्थान की सीमा में लगातार हो रहे हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। पिछले वर्ष यहां 33 सड़क हादसों में 35 लोगों की जान गई, जबकि इस वर्ष जून तक 24 हादसों में 26 लोगों की मौत हो चुकी है। यानी पिछले डेढ़ वर्ष में इस एक्सप्रेसवे पर 61 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
गौरतलब है कि 1 जुलाई को भी इसी एक्सप्रेसवे पर हरिद्वार से इंदौर जा रही एक निजी बस और ट्रक की भीषण टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 28 यात्री घायल हुए थे।
लगातार हो रहे हादसों ने एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का निरीक्षण दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।
