लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल किया है। राज्य में 16 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस बदलाव में छह जिलों के जिलाधिकारी स्तर के अधिकारियों सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में परिवर्तन किया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत भदोही, चंदौली, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
नई व्यवस्था के अनुसार अनिल कुमार सिंह को भदोही, शैलेश कुमार को चंदौली, रमेश रंजन को गोंडा, उमेश मिश्रा को जौनपुर, मनोज कुमार राय को श्रावस्ती और प्रवीण वर्मा को शामली का जिलाधिकारी बनाया गया है।
इसके अलावा, बालकर सिंह को ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, के. विजयेंद्र पांडियन को वाराणसी मंडल और एस. राजालिंगम को कानपुर मंडल की जिम्मेदारी दी गई है।
इस फेरबदल में औद्योगिक विकास, वस्त्र उद्योग, शहरी विकास और प्रशासनिक विभागों से जुड़े पदों पर भी बदलाव किया गया है।
सरकार के इस निर्णय को प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में नई जिम्मेदारियों के साथ कार्यक्षमता बढ़ाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
