मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की आगामी फिल्म ‘सूर्या : अंत से आरंभ तक’ की रिलीज को फिलहाल टाल दिया गया है। फिल्म पहले 20 नवंबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली थी, लेकिन प्रमाणन प्रक्रिया पूरी नहीं होने और कुछ संगठनों की आपत्तियों के चलते इसकी रिलीज आगे बढ़ा दी गई है।
फिल्म को लेकर विवाद उस समय बढ़ा जब इसके प्रचार से जुड़े कुछ दृश्यों पर मेडिकल संगठनों ने आपत्ति जताई। संगठनों का कहना है कि फिल्म में डॉक्टरों और निजी अस्पतालों को जिस तरह प्रस्तुत किया गया है, उससे चिकित्सा समुदाय की छवि प्रभावित हो सकती है।
इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में भी याचिका दायर की गई है। डॉक्टरों के एक समूह ने फिल्म के टीजर पर आपत्ति जताते हुए इसके प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए हैं।
वहीं फिल्म निर्माताओं का कहना है कि फिल्म की पूरी कहानी देखे बिना कुछ प्रचार दृश्यों के आधार पर उसकी विषयवस्तु को लेकर निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है।
निर्माताओं ने स्पष्ट किया है कि फिल्म का उद्देश्य पूरे चिकित्सा क्षेत्र को गलत तरीके से प्रस्तुत करना नहीं है, बल्कि व्यवस्था में मौजूद कुछ लोगों द्वारा किए जाने वाले भ्रष्टाचार और गलत गतिविधियों को सामने लाना है।
फिल्म का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है। इसमें सनी देओल के साथ रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
