राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या एक बार फिर गंभीर होती दिखाई दे रही है। शनिवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 279 दर्ज किया गया। यह खराब श्रेणी में आता है।
हालांकि राजधानी का औसत प्रदूषण स्तर 300 से नीचे रहा, लेकिन कई इलाकों में स्थिति ज्यादा चिंताजनक रही। एम्स क्षेत्र में AQI 369, चांदनी चौक में 365 और वजीरपुर में 332 दर्ज किया गया।

प्रदूषण बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और गले में तकलीफ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
राजधानी में प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए लोगों को सुबह और शाम के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने की सलाह दी जा रही है।
