भोपाल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक हिंदू युवक ने प्रेम संबंध के चलते धर्म परिवर्तन कर लिया था। आरोप है कि धर्म बदलने के बाद उसके साथ लगातार प्रताड़ना की गई। परेशान होकर युवक ने अब दोबारा हिंदू धर्म अपना लिया है। यह घर वापसी का कार्यक्रम भोपाल के प्राचीन गुफा मंदिर में वैदिक विधि-विधान से संपन्न हुआ, जिसमें मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद रहे।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित युवक का नाम शुभम गोस्वामी बताया जा रहा है। उसका एक मुस्लिम युवती से प्रेम संबंध था। आरोप है कि शादी के लिए उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। इसके बाद उसने इस्लाम धर्म अपनाकर अपना नाम बदलकर अमन खान रख लिया।
युवक का आरोप है कि धर्म परिवर्तन के बाद उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसे जमात में भेजा गया, धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करने का दबाव बनाया गया और उसकी इच्छा के खिलाफ खानपान को लेकर भी मजबूरी डाली गई।
जेल तक जाना पड़ा
शुभम का दावा है कि उसके खिलाफ झूठे मामलों में केस दर्ज कराए गए, जिनमें गंभीर आरोप भी शामिल थे। इसके चलते उसे जेल भी जाना पड़ा। जेल से छूटने के बाद उसे कथित रूप से कर्नाटक भेजा गया, जहां उसे इस्लामिक नियमों का पालन करने का प्रशिक्षण दिया गया।
इन सभी घटनाओं से मानसिक रूप से टूट चुके शुभम ने आखिरकार मंत्री विश्वास सारंग के जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई।
ऐसे हुई घर वापसी
मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पूरे मामले की जांच शुरू हुई और पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इसके बाद शुभम की शास्त्रानुसार घर वापसी कराई गई।
इस दौरान मुंडन संस्कार, स्नान, वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, शुद्धि-प्रायश्चित और यज्ञोपवीत संस्कार किए गए। पंचद्रव्य से पुनर्नामकरण संस्कार हुआ और अमन खान दोबारा शुभम गोस्वामी बन गया। इसके बाद वह हनुमान मंदिर पहुंचा और दर्शन किए।

पीड़ित युवक का बयान
शुभम गोस्वामी ने बताया, शादी के लिए मुझ पर मुस्लिम बनने का दबाव बनाया गया। धर्म बदलने के बाद मेरे खिलाफ झूठे केस लगाए गए, मुझे जेल भेजा गया और जबरन धार्मिक नियमों का पालन कराया गया। मैं बहुत परेशान हो गया था। अब मैं फिर से अपने सनातन धर्म में लौट आया हूं।”
मंत्री विश्वास सारंग का बयान
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि युवक उनके पास रोता हुआ पहुंचा था। पूरे मामले की जांच करवाई गई, जिसमें जबरन धर्म परिवर्तन की पुष्टि हुई। कानून के तहत कार्रवाई की गई और कुछ लोगों को जेल भेजा गया। इसके बाद युवक की विधिविधान से घर वापसी कराई गई।
