झुंझुनूं। राजस्थान में पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसक घटना ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और चुनावी माहौल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। झुंझुनूं जिले में मतदान के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक पूर्व सरपंच की जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, विजयनगर ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान वोटर पर्ची बनाने के लिए लगाए गए बूथ के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। इस घटना में पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जयपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को कर्माड़ी गांव के पास खेतड़ी-जयपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि घटना में शामिल आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
गौरतलब है कि पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में प्रदेश के 25 जिलों की 3,747 ग्राम पंचायतों में मतदान हुआ था। इस दौरान कई स्थानों पर झड़प, फर्जी मतदान के आरोप और हिंसा की घटनाएं सामने आईं।
