मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि भाजपा सरकार गरीब को केंद्र में रखकर सेवा भाव से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
सीएम ने कहा, “जनता के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है कि हम अपने कामों का लेखा-जोखा लोगों के सामने रखें।” उन्होंने बताया कि सरकार ने सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में समान रूप से बजट का प्रावधान किया है और विकास रथ के माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जा रही है।
सुशासन और जनकल्याण पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते दो वर्षों में राज्य में सुशासन, जनकल्याण और समग्र विकास के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं, जो एक समृद्ध और विकसित राजस्थान की मजबूत नींव रख रहे हैं।
उन्होंने बताया कि किसान, युवा, महिला और गरीब वर्ग के सशक्तिकरण के लिए सरकार ने अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, जिससे समाज के हर तबके को लाभ मिल रहा है।
विकास कार्यों को मिली नई गति
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 612 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का शिलान्यास और 107 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने बीकानेर जिला विकास पुस्तिका, ग्रामीण सेवा शिविर की सफलता की कहानी और ‘शहरी सेवा शिविर–2025’ पुस्तिका का विमोचन भी किया।
