राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में कोहरा दर्ज किया गया, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, भरतपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार सुबह भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में बादल भी नजर आ सकते हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। इस दौरान बाड़मेर में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी अगले तीन दिनों तक बना रह सकता है। 22 दिसंबर तक पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा।
