राजस्थान के अलवर में गुरुवार सुबह एक अनोखी घटना ने इलाके में हलचल मचा दी। अलकापुरी कॉलोनी में जलदाय विभाग की बोरिंग खुदाई के दौरान जमीन से चांदी जैसी चमकदार वस्तु नजर आने लगी। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोरिंग से निकल रही मिट्टी और कीचड़ में चमकदार कण दिखाई दे रहे थे। लोगों को लगा कि शायद चांदी या कोई कीमती धातु निकल रही है, जिसके चलते वहां भीड़ जुट गई। कई लोग कीचड़ में उतरकर हाथों से मिट्टी छानने लगे और चमकदार पत्थर इकट्ठा करने लगे। बोरिंग कर्मचारी और आसपास के दुकानदार भी इस हलचल का हिस्सा बन गए।

इस दौरान कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाए, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसके बाद पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा होने लगी और लोग जानने को उत्सुक हैं कि आखिर ये चमकदार चीज क्या है।
बताया जा रहा है कि अलवर में पानी की कमी को देखते हुए जलदाय विभाग कई जगह नई बोरिंग करवा रहा है। इसी क्रम में अलकापुरी कॉलोनी के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास दो दिन पहले खुदाई शुरू हुई थी, जहां यह घटना सामने आई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद और प्रशासन हरकत में आए। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। अभी यह साफ नहीं हुआ है कि जमीन से निकलने वाली चमकदार वस्तु चांदी है या कोई अन्य खनिज। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
