आबू राज : राजस्थान सरकार ने राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन Mount Abu का नाम बदलकर ‘आबू राज’ करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma ने विधानसभा में इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी दी। घोषणा के साथ ही सिरोही जिले और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल बन गया।

घोषणा के बाद स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने इस फैसले का स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को बधाई दी। नागरिकों ने इसे क्षेत्र की अस्मिता और गौरव से जुड़ा ऐतिहासिक निर्णय बताया।
लंबे समय से उठ रही थी मांग
‘आबू राज’ नामकरण की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही थी। क्षेत्रीय विधायक समाराम गरासिया और मंत्री ओटा राम देवासी सहित कई जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों ने विभिन्न मंचों के माध्यम से यह मुद्दा उठाया था। लगातार प्रयासों के बाद राज्य सरकार ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए नाम परिवर्तन की घोषणा की।

नई पहचान और पर्यटन को बढ़ावा
स्थानीय लोगों का मानना है कि ‘आबू राज’ नाम क्षेत्र की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को और सशक्त करेगा। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र की अलग पहचान बनेगी।
यहां स्थित Brahma Kumaris का अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय पहले से ही 140 से अधिक देशों में अपनी पहचान रखता है। ऐसे में नाम परिवर्तन से क्षेत्र की वैश्विक पहचान और मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है।
