टी20 विश्व कप 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम पर इनामों की बारिश हो रही है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद से मिलने वाली पुरस्कार राशि के अलावा अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी टीम इंडिया के लिए बड़ी इनामी राशि का ऐलान किया है।
बीसीसीआई ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों, सहायक स्टाफ और चयनकर्ताओं के लिए कुल 131 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। यह घोषणा बीसीसीआई के सचिव देवाजीत सैकिया ने की। उन्होंने कहा कि टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए यह इनाम दिया जा रहा है।
भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया और केवल एक मैच ही गंवाया, जबकि बाकी सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की।

फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 से अधिक रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य तक पहुंचने में नाकाम रही और भारत ने शानदार जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
इस जीत के साथ भारत ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम टी20 विश्व कप का खिताब लगातार दूसरी बार जीतने वाली पहली टीम बन गई है। साथ ही भारत तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाला पहला देश भी बन गया है, जिससे इस प्रारूप में उसकी बादशाहत और मजबूत हो गई है।
बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और चयनकर्ताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी टीम की लगातार सफलता की कामना की है।
