मुंबई। महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। गुरुवार सुबह से राज्यभर में 14 क्षेत्रीय इकाइयों की 58 टीमें 102 लोगों से पूछताछ कर रही हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि शहजाद भट्टी सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश कर रहा था।
प्रारंभिक जांच और विभिन्न एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार, शहजाद भट्टी अपने सहयोगियों आबिद जाट उर्फ आबिद छल, अजमल गुजर, हम्माद मेमन, राणा हुनैन और अशरफ बशीर आलम के साथ मिलकर भारत में अपना नेटवर्क फैलाने का प्रयास कर रहा था।
सोशल मीडिया के जरिए फैलाया जा रहा था नेटवर्क
एटीएस के अनुसार, यह गिरोह फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर भारतीय युवाओं से संपर्क करता था। इसके बाद धार्मिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील मुद्दों के जरिए उन्हें भड़काने और ब्रेनवॉश करने की कोशिश की जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार युवाओं को पैसों का लालच देकर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल करने का प्रयास किया जाता था। इसके अलावा गुप्त सूचनाएं जुटाने, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों की सप्लाई और स्लीपर सेल तैयार करने जैसी गतिविधियों के लिए भी स्थानीय नेटवर्क विकसित किया जा रहा था।
नागरिकों और युवाओं के लिए ATS की चार अहम अपील
देश की आंतरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र एटीएस ने नागरिकों, खासकर युवाओं और उनके अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है।
- सोशल मीडिया पर किसी भी अज्ञात या संदिग्ध व्यक्ति से संपर्क करने से बचें।
- अभिभावक अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों और सोशल मीडिया उपयोग पर नियमित नजर रखें। किसी भी संदिग्ध बदलाव की जानकारी तुरंत संबंधित एजेंसियों को दें।
- कम मेहनत में अधिक पैसे कमाने या अवैध कार्यों के बदले धन देने वाले ऑनलाइन प्रस्तावों से दूर रहें, क्योंकि ये किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा हो सकते हैं।
- सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और देश की एकता व कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले संदेशों पर विश्वास न करें और उन्हें आगे साझा करने से बचें।
एटीएस ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जांच पूरी गंभीरता के साथ जारी है।
