मोबाइल नेटवर्क पर लगेगा ‘ब्रेक’, महिला पर्यवेक्षक परीक्षा में 20 केंद्रों पर पहली बार जैमर का ट्रायल
जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाली महिला पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। परीक्षा में किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक नकल को रोकने के लिए 20 परीक्षा केंद्रों पर सिग्नल जैमर लगाने की तैयारी है।
यह व्यवस्था 24 जुलाई को होने वाली परीक्षा के दौरान पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आजमाई जाएगी। जैमर के जरिए परीक्षा केंद्र के आसपास मोबाइल नेटवर्क को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के गलत इस्तेमाल की संभावना कम हो सके।
परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। सफल परीक्षण के बाद भविष्य में अन्य महत्वपूर्ण परीक्षाओं में भी इस तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है।
