हनुमान जन्मोत्सव 2026 के पावन अवसर पर राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में आस्था, उल्लास और भव्यता का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। गुरुवार को सुबह से ही धाम में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा परिसर जय श्री राम व जय बजरंगबली के जयघोष से गूंज उठा।

इस विशेष अवसर पर बालाजी महाराज का 1100 किलो पंचामृत से भव्य महाभिषेक किया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। दिव्य दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। साथ ही 151 कन्याओं का पूजन और भोजन कराकर सनातन परंपरा का सुंदर संदेश दिया गया।

आयोजन का सबसे मनमोहक पल तब आया जब हेलीकॉप्टर से पूरे धाम पर पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। हाथी-घोड़ों की शाही मौजूदगी ने इस धार्मिक उत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया।
महापर्व का मुख्य आकर्षण बालाजी महाराज की महाआरती रही, जिसे पीठाधीश्वर डॉ. नरेशपुरी महाराज ने पूरे विधि-विधान से संपन्न कराया। आरती के समय पूरा धाम भक्ति में डूबा नजर आया और श्रद्धालुओं के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
