Bikaner: राजस्थान का सीमावर्ती जिला बीकानेर अब सिर्फ ऊंट, रेत और भुजिया के लिए नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े ग्रीन एनर्जी डेस्टिनेशन के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से हाल ही में 1300 मेगावॉट सोलर परियोजनाओं की सौगात के बाद अब बीकानेर में 5 गीगावॉट यानी 5000 मेगावॉट के मेगा सोलर पार्क की नींव रखी गई है। इस निवेश से बीकानेर देश का सबसे बड़ा सोलर हब बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है

बीकानेर की धरती पर अब विकास की नई किरणें उतर रही हैं सीमावर्ती खाजूवाला क्षेत्र में 5 गीगावॉट क्षमता वाले मेगा सोलर पार्क परियोजना का भूमि पूजन किया गया। यह परियोजना NACOF OORJA द्वारा विकसित की जाएगी जिसमें अमेरिका की Helios Energy सह-विकास करेगी, जबकि दक्षिण कोरियाई निवेश समूह इसका वित्तीय सहयोग करेगा।
करीब 5000 मेगावॉट की यह परियोजना न सिर्फ राजस्थान बल्कि देश की सबसे बड़ी सोलर परियोजनाओं में शामिल होगी इससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। साथ ही सड़क, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार होगा।
परियोजना को लेकर आयोजित बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ रोजगार, भूमि विकास और क्षेत्रीय भागीदारी पर विस्तार से चर्चा हुई कंपनी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार देने को प्राथमिकता दी जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से भारत की स्वच्छ ऊर्जा क्षमता में बड़ा इजाफा होगा। कार्बन उत्सर्जन कम होगा और राजस्थान की ग्रीन एनर्जी में भूमिका पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी। बीकानेर पहले से ही बड़े सोलर प्रोजेक्ट्स का केंद्र बन चुका है और अब यह वैश्विक निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
भूमि पूजन और बैठक में NACOF OORJA के मैनेजिंग डायरेक्टर सुरेश बाबू पी, डायरेक्टर मोहन कुमार नायर, दक्षिण कोरियाई निवेश साझेदार सांगो ली, अमेरिका की Helios Energy के प्रतिनिधियों सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास और युवाओं के भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताया NACOF OORJA के मैनेजिंग डायरेक्टर सुरेश बाबू पी ने कहा की ये देश के प्रधानमंत्री की सोच देश को ग्रीन एनर्जी और विकसित भारत की कल्पना को आगे बढ़ाने वाला प्रोजेक्ट है और उसी सोच के साथ देश और विदेश की कंपनिया मिलकर इस प्रोजेक्ट को पूरा करेगी आने वाले दो सालों में ये देश के विकास में योगदान देता हुआ नज़र आएगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया 1300 मेगावॉट सोलर परियोजनाओं की सौगात के बाद अब 5 गीगावॉट का यह मेगा सोलर पार्क बीकानेर को देश के सबसे बड़े सोलर हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के बढ़ते निवेश के साथ बीकानेर अब भारत के ग्रीन एनर्जी मैप पर तेजी से अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
