मुंबई: सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म का पहला गाना ‘तबाही’ पहले ऑडियो फॉर्मेट में रिलीज किया गया था, लेकिन अब इसका आधिकारिक म्यूजिक वीडियो भी सामने आ गया है। वीडियो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और यश व कियारा आडवाणी की शानदार ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

भव्य लोकेशंस और शानदार विजुअल्स से सजे इस गाने में यश और कियारा के बीच रोमांटिक पल देखने को मिलते हैं। दोनों की केमिस्ट्री को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फैंस इस जोड़ी को फिल्म की सबसे बड़ी खासियत बता रहे हैं।
म्यूजिक वीडियो साझा करते हुए यश ने मशहूर सूफी संत रूमी के विचारों का जिक्र किया और फिल्म की रिलीज डेट की भी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पैन-इंडिया दर्शकों को ध्यान में रखते हुए ‘तबाही’ गाने को हिंदी, कन्नड़, तमिल, तेलुगु और मलयालम समेत कई भाषाओं में रिलीज किया गया है। गाने का संगीत विशाल मिश्रा ने तैयार किया है, जबकि अलग-अलग भाषाओं के लिए क्षेत्रीय गीतकारों ने इसके बोल लिखे हैं।
गाना रिलीज होते ही फैंस ने कमेंट सेक्शन में जमकर तारीफ की। कई यूजर्स ने यश और कियारा की जोड़ी को शानदार बताया, वहीं कुछ ने इसे फिल्म का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रमोशनल कंटेंट करार दिया।
फिल्म के जरिए यश ब्लॉकबस्टर ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ के चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म में वह ‘राया’ और ‘टिकट’ नाम के दो अलग-अलग किरदार निभाते नजर आएंगे, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
निर्देशक गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कियारा आडवाणी के अलावा नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, अक्षय ओबेरॉय, टोविनो थॉमस, डेरेल डी’सिल्वा और सुदेव नायर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म को अंग्रेजी और कन्नड़ में शूट किया गया है, जबकि हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में डब कर 26 अगस्त 2026 को रिलीज किया जाएगा।
