नई दिल्ली। केंद्रीय खेल मंत्रालय ने 23 जुलाई से स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए 191 सदस्यीय भारतीय दल को मंजूरी दे दी है। दल में कुल 126 खिलाड़ी और 51 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं। खिलाड़ियों में 78 पुरुष और 48 महिला खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) और विभिन्न खेल महासंघों के चुने गए पदाधिकारियों के विदेश दौरे और ठहरने का खर्च सरकार वहन नहीं करेगी। केवल खिलाड़ियों, कोच, मेडिकल टीम और अधिकृत सहयोगी स्टाफ के खर्च को ही सरकारी स्वीकृति दी गई है। ऐसे में यदि भारतीय दल के प्रमुख रोहित राजपाल पर यह नियम लागू होता है, तो उन्हें अपना खर्च स्वयं उठाना पड़ सकता है।
एथलेटिक्स का सबसे बड़ा दल, नीरज चोपड़ा होंगे आकर्षण
भारतीय दल में सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व एथलेटिक्स का है। इस टीम में स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा समेत 32 एथलीट शामिल हैं, जिनमें 10 महिला खिलाड़ी भी हैं। टीम के साथ मुख्य कोच राधाकृष्णन नायर सहित सबसे बड़ा सपोर्ट स्टाफ भी जाएगा।
बॉक्सिंग में भारत की ओर से 14 मुक्केबाज चुनौती पेश करेंगे। टीम को स्वीडन के कोच सैंटियागो नीवा प्रशिक्षण देंगे। महिला कोच मंदाकिनी चानू और खिलाड़ियों की मानसिक तैयारी के लिए स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट मैथिली भूपतानी भी दल का हिस्सा होंगी।
वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू की अगुवाई में 12 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जबकि तैराकी में पांच भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। इन टीमों के साथ कोच निहार अमीन और संदीप सेजवाल मौजूद रहेंगे। पैरा खिलाड़ियों के लिए भी 42 सदस्यीय सहयोगी स्टाफ को मंजूरी दी गई है, जिसमें सबसे अधिक सदस्य एथलेटिक्स टीम से जुड़े हैं।
कम खेलों के कारण मेडल तालिका पर असर संभव
इस बार बजट सीमित होने के कारण ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन छोटे स्तर पर किया जा रहा है। प्रतियोगिता में केवल 10 सामान्य और 6 पैरा खेल शामिल किए गए हैं।
भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि निशानेबाजी, हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती और क्रिकेट जैसे वे खेल इस बार कार्यक्रम का हिस्सा नहीं हैं, जिनमें भारतीय खिलाड़ी परंपरागत रूप से सबसे अधिक पदक जीतते रहे हैं। ऐसे में इस बार भारत के कुल पदकों की संख्या पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। भारत इस संस्करण में 9 सामान्य और 5 पैरा खेलों में अपने खिलाड़ियों को उतारेगा।
