ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर सिक्स मुकाबले में श्रीलंका ने साउथ अफ्रीका को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल की दौड़ में खुद को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। बुलावायो में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट पर 261 रन बनाए, जिसे श्रीलंका ने 46 ओवर में हासिल कर लिया।
साउथ अफ्रीका की ओर से जोरिक वैन स्काल्विक ने शानदार पारी खेली। उन्होंने 130 गेंदों में 116 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और 2 छक्के शामिल थे। ओपनिंग में अदनान लगाडियन (46) के साथ उनकी 96 रन की साझेदारी ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। बाद में वैन स्काल्विक और बांदिल मबाटा के बीच चौथे विकेट के लिए 48 रन भी जुड़े, लेकिन टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।

जवाब में श्रीलंका के लिए विरान चामुदिथा ने मैच जिताऊ प्रदर्शन किया। उन्होंने 94 गेंदों पर 110 रन की शानदार शतकीय पारी खेली और टीम को आसान जीत दिला दी।
पॉइंट्स टेबल का हाल:
सुपर सिक्स ग्रुप-1 में ऑस्ट्रेलिया पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुका है और पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर है। साउथ अफ्रीका को हराने के बाद श्रीलंका के 6 अंक हो गए हैं और वह दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं अफगानिस्तान के 4 अंक हैं और उसका एक मुकाबला अभी बाकी है। साथ ही उसका नेट रन रेट भी बेहतर है, ऐसे में श्रीलंका की इस जीत से अफगानिस्तान पर दबाव बढ़ गया है। अफगान टीम को अब आयरलैंड के खिलाफ अपने आखिरी मुकाबले में जीत जरूरी होगी।

सुपर सिक्स ग्रुप-2 से अभी सेमीफाइनलिस्ट टीमों का फैसला होना बाकी है। इस ग्रुप में तीन मुकाबले शेष हैं, जिनमें भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला हाई-वोल्टेज मैच सबसे ज्यादा चर्चा में है। दोनों टीमों की नजर सेमीफाइनल में जगह बनाने पर टिकी हुई है।
