मुंबई। अपनी शानदार अदाकारी और रोमांटिक किरदारों से दर्शकों का दिल जीत चुकी अभिनेत्री रश्मिका मंदाना अब बड़े पर्दे पर बिल्कुल नए अवतार में नजर आने वाली हैं। अपनी आगामी फिल्म ‘मीसा’ में रश्मिका पहली बार दमदार एक्शन करती दिखाई देंगी। फिल्म के शूटिंग सेट से सामने आई कुछ तस्वीरों में वह अंडरवॉटर फाइट सीक्वेंस की तैयारी और शूटिंग करती नजर आ रही हैं।

वायरल तस्वीरों में रश्मिका की पीठ पर गहरे घाव और चाकू के निशान का मेकअप दिखाई दे रहा है, जो फिल्म के एक्शन दृश्यों का हिस्सा है। इन तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।

निर्देशक रविंद्र फुले के निर्देशन में बनी ‘मीसा’ एक हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म बताई जा रही है। फिल्म के टीजर में भी रश्मिका का दमदार और पहले से अलग अंदाज देखने को मिला था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। फिल्म में उनके साथ राव रमेश, ईश्वरी राव, प्रवीण दचरम और शत्रु अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

अपने करीब 10 साल के फिल्मी करियर में रश्मिका मंदाना ने कई सफल फिल्मों में काम किया है। ‘पुष्पा’ और ‘पुष्पा 2’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों ने उन्हें देशभर में खास पहचान दिलाई। हालांकि इस बार वह रोमांस से हटकर पूरी तरह एक्शन अवतार में दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार हैं।
रश्मिका ने अपने करियर की शुरुआत कन्नड़ फिल्म ‘किरिक पार्टी’ से की थी, जो बड़ी हिट साबित हुई थी। इसके बाद उन्होंने लगातार कई सफल फिल्मों में अभिनय कर खुद को इंडस्ट्री की शीर्ष अभिनेत्रियों में शामिल किया। अब देखना होगा कि एक्शन से भरपूर ‘मीसा’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है और बॉक्स ऑफिस पर क्या नया रिकॉर्ड बनाती है।
