बीकानेर: राजस्थान के लिए इस बार का स्वतंत्रता दिवस खास होने जा रहा है। प्रदेश का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार राजधानी जयपुर के बजाय बीकानेर में आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 15 अगस्त को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। करीब 18 साल बाद बीकानेर को राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की मेजबानी मिली है।

मुख्यमंत्री का बीकानेर दौरा केवल 15 अगस्त के ध्वजारोहण तक सीमित नहीं रहेगा। 14 अगस्त से ही शहर में कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के विभिन्न कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, बैठने की व्यवस्था और आयोजन स्थलों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की है।
14 अगस्त को मेघासर से शुरू होगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 14 अगस्त को बीकानेर पहुंचेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर करीब 3:25 बजे मेघासर हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां वे ग्राम संस्थापक मेघोजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
इसके बाद मेघासर में विकास कार्यों से जुड़े शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री यहां आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे तथा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
इस कार्यक्रम को लेकर कोलायत क्षेत्र में भी तैयारियां की गई हैं। प्रशासन और स्थानीय स्तर पर अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं की गई हैं।
