हनुमान जयंती के खास मौके पर निर्माता नमित मल्होत्रा ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण का टीज़र जारी किया, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आए। टीज़र को खासतौर पर इसके शानदार विज़ुअल इफेक्ट्स और रहस्यमयी प्रस्तुति के लिए सराहा जा रहा है।

फिल्म में Yash रावण के किरदार में दिखेंगे, जबकि Sai Pallavi माता सीता और Ravi Dubey लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं।
हालांकि टीज़र में रावण का स्पष्ट चेहरा नहीं दिखाया गया, लेकिन ध्यान से देखने पर एक छोटा सा सीन नजर आता है। लगभग 2 मिनट 14 सेकंड पर एक झलक में रावण को पुष्पक विमान के पास जाते हुए देखा जा सकता है। इसके तुरंत बाद उड़ते हुए रथ का ऊपर से दृश्य दिखाया जाता है, जिसमें कुछ क्षणों के लिए रावण की मौजूदगी महसूस होती है। यह सीन बहुत छोटा है, लेकिन फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
टीज़र रिलीज के बाद नमित मल्होत्रा ने दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि फिल्म को मिल रही प्रतिक्रिया उनके लिए बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने यह भी बताया कि पूरी टीम इस महागाथा को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ प्रस्तुत करने में जुटी है।
बताया जा रहा है कि रामायण का पहला भाग दिवाली 2026 पर दुनियाभर में रिलीज होगा, जबकि इसका दूसरा भाग पहले से निर्माणाधीन है और दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना है।
