मुंबई: महाराष्ट्र के नगर निकाय और नगर पंचायत चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्ष को साफ संदेश दे दिया है। नतीजों और रुझानों से साफ है कि BJP ने अकेले दम पर शरद पवार की NCP (SP), उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना (UBT) और कांग्रेस से बने महाविकास आघाड़ी (MVA) को काफी पीछे छोड़ दिया है।
नगर परिषद चुनावों के रुझानों में BJP 100 से ज्यादा सीटों पर आगे है या जीत दर्ज कर चुकी है। इसके मुकाबले NCP (SP) केवल 8 सीटों पर, शिवसेना (UBT) 7 सीटों पर और कांग्रेस 26 सीटों पर ही आगे या विजयी हुई है। यानी तीनों विपक्षी दलों की कुल सीटें भी BJP के आंकड़े के आधे तक नहीं पहुंच पाईं।

नगर पंचायत चुनावों में भी MVA की स्थिति कमजोर नजर आई। यहां BJP 23 सीटों पर आगे है या जीत चुकी है, जबकि शिवसेना (UBT) सिर्फ 4 और कांग्रेस 3 सीटों तक सीमित रही। इस श्रेणी में NCP (SP) का खाता तक नहीं खुल पाया।
अगर नगर परिषद और नगर पंचायत दोनों के नतीजों को मिलाकर देखें तो BJP के पास कुल 123 सीटें हैं, जबकि पूरा MVA महज 48 सीटों पर सिमट गया है। इस तरह BJP अकेले ही MVA से करीब ढाई गुना ज्यादा सीटों पर आगे नजर आ रही है।
महायुति को भी मिला फायदा
लोकल बॉडी चुनावों में महायुति के सहयोगी दलों का प्रदर्शन भी मजबूत रहा। एकनाथ शिंदे की शिवसेना नगर परिषद में 45 और नगर पंचायत में 8 सीटों पर आगे या विजयी रही। वहीं अजित पवार की NCP ने नगर परिषद में 33 और नगर पंचायत में 3 सीटों पर बढ़त बनाई।
कुल मिलाकर, महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों ने साफ कर दिया है कि राज्य की राजनीति में BJP का दबदबा बरकरार है और विपक्ष को अभी लंबा रास्ता तय करना है।