महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना जारी है और अब तक के नतीजों व रुझानों ने राज्य की राजनीति की तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है। नगर परिषद की सभी 288 सीटों के परिणाम/रुझान सामने आ चुके हैं, जिनमें महायुति को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है।
रुझानों के मुताबिक महायुति 214 सीटों पर आगे है या जीत दर्ज कर चुकी है। इसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) सबसे आगे है, जो 130 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है या जीत चुकी है। वहीं एकनाथ शिंदे की शिवसेना 51 सीटों पर और अजित पवार गुट की एनसीपी 33 सीटों पर आगे चल रही है।
दूसरी ओर, महाविकास अघाड़ी (MVA) को नगर परिषद चुनावों में बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस, शिवसेना (UBT) और एनसीपी (SP) से बने इस गठबंधन को केवल 52 सीटों पर ही बढ़त मिलती नजर आ रही है।
नगर पंचायत चुनावों में भी भाजपा का प्रदर्शन मजबूत रहा है। परिणामों की औपचारिक घोषणा से पहले ही भाजपा 3 सीटों पर निर्विरोध जीत दर्ज कर चुकी थी, जिससे पार्टी का मनोबल और बढ़ा है।
इन नतीजों को राज्य की सियासत के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। स्थानीय निकाय चुनावों से शहरी क्षेत्रों में जनता के राजनीतिक रुझान, सरकार के प्रति भरोसे और विभिन्न दलों की जमीनी पकड़ का अंदाजा लगाया जा रहा है। आने वाले समय में ये नतीजे महाराष्ट्र की राजनीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
